मुंबई में अवैध लॉटरी का काला कारोबार !
संवाददाता/in24 न्यूज़. मुंबई में अवैध लॉटरी का काला कारोबार संचालित किये जाने का एक बड़ा मामला सामने आया है जिसके खिलाफ मुंबई पुलिस की क्राइम यूनिट-चार की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर निनाद सावंत के अनुसार इस पूरे मामले में गिरफ्तार 6 आरोपियों में से तीन दुकान मालिक, दो नौकर और एक एजेंट शामिल है जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है. सावंत के अनुसार, वॉन्टेड आरोपी ने गिरफ्तार आरोपियों को एक सॉफ्टवेयर दिया हुआ था, जिससे अवैध लॉटरी का कारोबार फलफूल रहा था. जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें दिन भर की कमाई का आठ प्रतिशत कमीशन दिया जाता था. पुलिस ने छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर मुद्देमाल भी जब्त किया है जिसमे हार्ड डिस्क, राउटर, बारकोड स्कैनर और प्रिंटर के अलावा लगभग 18 हजार रुपये की नकदी का समावेश है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ये पता लगाने की कोशिश कर रही है की इस लॉटरी के काले कारोबार के तार किसी बड़े गिरोह से तो नहीं जुड़े.