मोबाइल को आधार से जोड़ने के नाम पर दो धोखेबाज़ गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सरकार ने जब से आधार कार्ड को पैन कार्ड से जोड़ने की बात की है तब से आम आदमी ने इस बारे में सोचना और उसपर काम करना शुरू कर दिया है. मगर कुछ लोग लगातार धोखा के ज़रिये लोगों को लूटने के काम में लगे हुए हैं. गौरतलब है कि आधार कार्डों को मोबाइल फोन नंबर से जोड़ने के बहाने एक हजार से अधिक लोगों को उनकी गोपनीय सूचनाएं साझा करने के लिए राजी करके उन्हें कथित रूप से ठगने के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी अलीमुद्दीन अंसारी (27) को अजमेर से गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथी मनोज यादव को करोल बाग से गिरफ्त में लिया गया. अंसारी एक ऐसे सिंडीकेट का मास्टरमाइंड है, जो झारखंड के जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, धनबाद और पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान के असंगठित कॉल सेंटरों के मार्फत अपना धंधा चलाता है. द्वारका के राकेश गिलानी द्वारा पुलिस में शिकायत करने के बाद यह मामला सामने आया. राकेश को चार लाख रुपये का चूना लगाया गया था.पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एंटो अल्फोंस ने कहा कि पहले, आरोपी किसी दूरसंचार कंपनी के ग्राहक मित्र या बैंक के कर्मचारी के रूप में अपने शिकार (लोगों को) को फोन करते थे. फिर, वे उनका आधार नंबर उनके मोबाइल नंबर से जोड़ने के बहाने उनके उनके डेबिट कार्ड का ब्योरा मांगते थे. इस घटना के बाद उन लोगों को संभल जाना चाहिए जिनके इर्द-गिर्द इस तरह के लोग घूमते हैं और आधार कार्ड को पैन कार्ड से जोड़ने के नाम पर अपना उल्लू सीधा करने चाहते हैं.