Breaking News

रांची के एक बलात्कारी को सुनाई गई फांसी की सज़ा

21 Dec, 2019 919

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
देश भर में आज महिलाओं के अलावा नाबालिग बच्चियों के साथ जिस तरह से दुष्कर्म के मामले बढ़ते जा रहे हैं, वह चिंता का विषय बना हुआ है.  ऐसे में रांची में तीन साल पहले 2016 में 15 और 16 दिसंबर की आधी रात को दीपा टोली इलाके में इंजीनियरिंग की एक छात्रा को दुष्कर्म के बाद जलाकर मारने वाले मुख्य आरोपी राहुल राज को द्रुत गति से की गई एक महीने की अदालती सुनवाई के बाद आज फांसी की सजा सुनाई गई। सीबीआई की एके मिश्रा की एक विशेष अदालत ने इस मामले में मुख्य आरोपी राहुल राज को आज फांसी की सजा सुनायी और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में बीस हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया । अदालत ने उसे कल दोषी करार दिया था। साल 2016 के इस मामले को 28 मार्च, 2018 को सीबीआई को सौंपा गया था और लगभग 15 माह की जांच के बाद सीबीआई ने जून, 2019 में इस मामले का उद्भेदन किया और लखनउ से राहुल राज को धर दबोचा। जांच में पता चला कि राहुल अपराध की दुनिया में रचा बसा था और दिसंबर, 2016 में इस नृशंस घटना को अंजाम देकर वह लखनऊ भाग गया था। सीबीआई ने मर्डरकेस के आसपास की बस्ती के लोगों की डीएनए प्रोफाइलिंग करके और घटनास्थल पर रांची की निर्भया के शव और कपड़ों से बरामद डीएनए सैंपल से उसका मिलान कर राहुल राज को दबोचा। इससे पूर्व रांची पुलिस इस मामले की जांच में हवा में तीर चलाती रही और लगभग डेढ़ वर्ष तक उसे इस मामले में कोई सुराग नहीं मिल सका जिससे उसकी भारी फजीहत हुई थी।

अन्य खबरे