वसई पुलिस की सफलता, 48 घंटे में आरोपी को पकड़ा
संवाददाता/ in 24 न्यूज़
इन दिनों मुंबई (mumbai) से सटे वसई विरार (vasai-virar) इलाके में अपराध का ग्राफ बड़ी तेजी से बढ़ने लगा है. आए दिन हो रही चोरी की वारदातों ने स्थानीय रहवासियों में दहशत पैदा कर दिया है. वहीं दूसरी ओर चोरी की वारदातों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली है . इसी कड़ी में चोरी का एक बड़ा मामला वसई इलाके से सामने आया है, जिसे पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक़ गिरफ्तार किए गए सभी कथित चोर नेपाल (nepal) मूल के रहने वाले है, जो एक घर से 15 लाख के सोने और चांदी के गहनों के साथ साथ एक लाख 23 हजार नगदी लेकर नेपाल भाग रहे थे. लेकिन पुलिस ने अपने नेटवर्क और मुस्तैदी के चलते इन सभी चोरों को न केवल पकड़ा बल्कि चोरी का माल भी बरामद कर लिया.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी ने कहा कि, वसई पुलिस को बाभली नाके के एक घर से चोरी होने की शिकायत मिली थी. जिस घर में चोरी हुई थी उसमें रहने वाला परिवार शादी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने औरंगाबाद गया हुआ था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की लेकिन उसमे पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पायी. लेकिन इसी दौरान पुलिस को पता चला कि जिस घर में चोरी हुई उस घर का वॉचमैन ग़ायब है, यहां तक कि उसका फोन भी बंद आ रहा था, जिसके बाद पुलिस को वॉचमैन पर संदेह हुआ. वॉचमैन के नेपाल मूल से होने जानकारी मिलने के बाद पुलिस को यह भी डर था कि यदि कथित चोर नेपाल भाग गए, तो उसे पकड़ना मुश्किल हो जाएगा। जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए वॉचमैन के रिश्तेदारों से आरोपी के बारे में जानकारी इकट्ठी की. जिसमें पुलिस को पता चला कि सभी आरोपी सूरत से बस पकड़ कर नेपाल भागने की फिराक में हैं. इसके बाद पुलिस ने आधुनिक तकनीक इस्तेमाल कर बस के ड्राइवर और कंडक्टर से मोबाइल पर बात की और उन्हें बस धीरे धीरे चलाने का निर्देश दिया, जिसके बाद पुलिस ने 250 किलोमीटर तक बस का पीछा किया और आख़िरकार सभी आरोपियों को गुजरात के गोधरा से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुरेश बागोटी, जरपात सोप और शेर बहादुर शाही है जिसमे सुरेश बागोटी बिल्डिंग का वॉचमैन है . फिलहाल मामले की जांच जारी है.