शादी के मंडप पर दुल्हन ने पुलिस को बताकर शादी की रद्द
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्यार का भूत किस कदर सर चढ़कर बोलता है इसका नज़ारा नागपुर से सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर में लड़की के परिवार वालों ने अपनी बेटी की जोर-जबरदस्ती से शादी कराने की कोशिश की, लेकिन फेरे लेने के ठीक पहले दुल्हन ने पुलिस को फोन कर दिया। महिला ने अंतिम क्षण में पुलिस को फोन कर यह कहकर अपनी शादी रद्द कर दी कि वह उस आदमी को पसंद नहीं करती, जिसके साथ वह शादी के बंधन में बंधने जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शादी मंगलवार दोपहर 12 बजे रामटेक के पास एक रिसॉर्ट में होनी थी। हालांकि, मुहूर्त से कुछ क्षण पहले, महिला ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया और कहा कि वह दूल्हे से शादी नहीं करना चाहती क्योंकि वह किसी और से प्यार करती है। दूल्हे के परिजन भड़क गए, जिससे तीखी नोकझोंक हुई। निरीक्षक प्रमोद मकेश्वर और उनके सहकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों परिवारों के सदस्यों को रामटेक थाने ले गए। इसके बाद दूल्हे के आक्रोशित परिजन शांत हुए और शादी रद्द कर दी गई। एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने एक हफ्ते पहले अपनी मां से कहा था कि वह उस आदमी से शादी नहीं करना चाहती, जिसे उन्होंने उसके लिए चुना है। इस खबर की चर्चा ज़ोर शोर से शुरू है।