सांताक्रुज में 12 लाख रुपए का एमडी ड्रग्स बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
10 Dec, 2020
978
संजय मिश्रा/in24 न्यूज़/मुंबई
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने मुंबई के सांताक्रूज इलाके में दबिश देकर बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ बरामद किया है. मुंबई पुलिस की क्राइम यूनिट 9 को मुखबिर द्वारा खबर मिली थी कि कुछ लोग सांताक्रुज पश्चिम स्थित दौलत नगर इलाके में एमडी ड्रग्स की बिक्री करने आने वाले हैं, जिसके बाद बांद्रा क्राइम ब्रांच के अधिकारी विजेंद्र अंबावडे ने अपनी टीम के साथ मुखबिर द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर रहेजा कॉलेज रोड पर स्थित बस स्टॉप पर जाल बिछाया और जैसे ही मारुति ब्रेजा कार एमएच 04 जे जेड 369 कार वहां पहुंची, वैसे ही क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे रुकवाया और उसकी तलाशी ली. इस दौरान पुलिस ने पाया कि ब्रेजा कार में 115 ग्राम एमडी ड्रग्स छिपा कर रखा गया है, जिसके बाद बांद्रा क्राइम ब्रांच की टीम ने ब्रेजा कार में रखे गए एमडी ड्रग्स को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिनका नाम अल्पेश जैन और शाहनवाज शेख है. मुंबई पुलिस की क्राइम यूनिट -9 द्वारा बरामद किये गए 115 ग्राम मेफेड्रान ड्रग्स की कीमत लगभग 12 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है.
पुलिस ने कुल 24 लाख रुपये का मालमुद्दा जब्त कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों द्वारा उक्त एमडी ड्रग्स की सप्लाई कहां की जानी थी और मादक पदार्थों की इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं ?