Breaking News

हिंगोली में सड़क हादसा, 4 की मौत, 25 घायल

01 Jan, 2022 703
संवाददाता/ in24 न्यूज़
 
 
सड़क हादसे (road accident) से जुडी एक बड़ी खबर महाराष्ट्र (maharashtra) के हिंगोली जिले से सामने आई है, जहां यात्रियों से भरी एक बस और एक ट्रक की आपस में जोरदार टक्कर हो गयी. इस भीषण सड़क हादसे में 4 यात्रियों की बड़े दर्दनाक तरीके से मौत हो गयी, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिसमें से छह यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक का आगे वाला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दुर्घटना की शिकार हुई बस प्राइवेट बस थी, जो यात्रियों को ढोने का काम करती थी. घटना के समय यह बस नांदेड़ से आ रही थी और हिंगोली की दिशा में जा रही थी, और जब यह बस हिंगोली के पार्डी इलाके के मोड पर पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्रक से इसकी अचानक टक्कर हो गयी. सड़क हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घायल यात्रियों को किसी तरह बस से बाहर निकाला और उन्हें एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल नजदीकी कलमनूरी अस्पताल पहुँचाया. जहाँ डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि इस हादसे में घायल 25 लोगों में से अभी भी 6 यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है जिसके बाद उन्हें नांदेड़ के जिला अस्पताल भेज दिया गया. हालांकि यह हादसा किस वजह से हुआ अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है.
आपको बता दें कि इस समय महाराष्ट्र के कई जिलों में एसटी बस की हड़ताल जारी है, जिसकी वजह से लोग कहीं भी आने जाने के लिए प्राइवेट बसों का सहारा ले रहे हैं.

अन्य खबरे