Breaking News

कुल्लू में पेड़ गिरने से हुई महिला की मौत

05 May, 2022 1047

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
 एक पेड़ गिरने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। यह मामला हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले का है। बता दें कि निचले हिस्सों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई जिससे मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने छह जिलों में अलर्ट जारी किया है जिसमें सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी और बिलासपुर हैं। अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहने के आसार हैं। कुल्लू जिले की काइस धार में कल अंधड़ के दौरान पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई तथा एक व्यक्ति घायल हो गया। कुल्लू की खराहल के काइस के लारी गांव में बिजली गिरने से दो युवक झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल में दाखिल किया गया है। पिछले दो दिनों से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है, इसके अलावा मनाली और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है, जिससे घाटी में शीतलहर बढ़ गई है। बारिश होने से सूखे की मार झेल रहे किसानों और बागवानों को राहत मिली है। आज भी शिमला में बारिश का दौर जारी रहा। घाटी की ऊंची चोटियों रोहतांग दर्रा, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, हामटा पीक, मकरवे, शिकरवे, बारालाचा दर्रा, तंगलंगला आदि में बर्फबारी हुई है। पिछले 24 घंटों में शिमला में 50, डलहौजी में 28, गुलेर में 24, सराहन में 16, शिलारू और रामपुर में 14, सांगला और जुब्बल में 13, कल्पा, नगरोटा सूरियां में 12, कुमारसैन और खदराला में 11, भरमौर में 10, केलांग, मनाली और खिरी में 9, नैनादेवी, पंडोह और चंबा में 8, बंजार में 7, बिजही, भुंतर में 6, वांगटू और जुब्बड हट्टी में पांच मिलीमीटर वर्षा हुई है। बारिश का यह दौर जारी है। लाहौल स्पीति जिलाधीश नीरज कुमार ने कहा कि घाटी में बारिश का क्रम जारी है। इसके मद्देनजर यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वह मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें। गैरजरूरी यात्रा करने से बचने की भी प्रशासन ने सलाह दी है। प्रदेश में आज का अधिकतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोलन में 25 डिग्री, जो पांच से छह डिग्री कम रहा, वहीं, शिमला में दो डिग्री कम 20.9 डिग्री तथा बिलासपुर में 30 डिग्री, डलहौजी 16.2 डिग्री, चंबा में 19.8 डिग्री, केलांग में 12 डिग्री, धर्मशाला में 30 डिग्री, पालमपुर में 27.3 डिग्री, भुंतर 25.4 डिग्री, हमीरपुर 29.8 डिग्री, उना में 31.8 डिग्री, सुंदरनगर में 28.2 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में 19.4 डिग्री और बिलासपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि केलांग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। बता दें कि देश के अनेक हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है।

अन्य खबरे