पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी की बढ़ी कीमत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महंगाई से आम आदमी की कमर टूटने के बाद भी उसपर महंगाई की मार जारी है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी पहले से ही परेशान है और इसी बीच सीएनजी और पीएनजी की बढ़ी कीमतों की खबर भी सामने आई हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। आईजीएल ने राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में 2.28 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की है इसी के साथ दिल्ली में अब सीएनजी की कीमत 47.48 रुपए किलो हो गई है तो दिल्ली से सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमतों में 2.55 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इसी के साथ नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अब सीएनजी 53.45 रुपए प्रति किलो मिल रहा है। गौरतलब है कि सीएनजी के साथ ही पीएनजी यानी घरेलू गैस भी महंगी हुई है। दिल्ली में पीएनजी के दाम 2.10 बढ़ाए गए हैं। नई दर 30.91 रुपए से बढ़कर 33.01रुपए हो गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में पीएनजी की कीमत बढ़ाई गई है। इसी के साथ यहां पीएनजी के दाम 32.86 रुपए तक पहुंच गए हैं। ऐसे में आम आदमी की जेब पर इस महंगाई ने बड़ा असर डाला है।