अफगानिस्तान के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने बुलाई 26 अगस्त को सर्वदलीय बैठक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर हमले के बाद लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। 26 अगस्त सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें अफगानिस्तान के मसले पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार अफगानिस्तान मसले को लेकर विपक्ष को जानकारी देगी। गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद वहां की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। अफगान के लोग देश छोड़कर आना चाहते हैं। फिलहाल भारत अभी वहां पर फंसे अपने नागरिकों को निकालने पर फोकस कर रहा है। भारत अभी तक 500 से अधिक भारतीयों को अफगानिस्तान से सुरक्षित निकाल चुका है। इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने सोमवार को कहा कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक विमान से कुछ भारतीय नागरिकों के साथ 46 अफगान हिंदुओं और सिखों को काबुल से सुरक्षित निकाला जा रहा है।चंडोक ने कहा कि अफगानिस्तानी सिख और हिंदु अपने साथ तीन श्री गुरु ग्रंथ साहिब (सिख पवित्र ग्रंथ) लाए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भारत सरकार विशेष रूप से विदेश मंत्रालय और भारतीय वायु सेना के अथक प्रयासों से वहां फंसे हुए 46 अफगान हिंदु और सिख अपने साथ तीन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के साथ काबुल हवाई अड्डे पर होने की पुष्टि करता हूं। उन्होंने कहा गठबंधन बलों द्वारा उन्हें काबुल के हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायु सेना के विमान की ओर ले जाया जा रहा है और उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों में और भी लोगों को वहां से निकाला जाएगा। गौरतलब है कि रविवार को 107 भारतीय नागरिकों के साथ, 23 अफगान सिखों और हिंदुओं को भारतीय वायु सेना के विमान से भारत लाया गया। जिसमें दो अफगान सिख सांसद और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल थे। बता दें कि अफ़्गैस्टन में हिंसक गतिविधियां लगातार जारी हैं।