आज मुख्यमंत्रियों के साथ फिर चर्चा करेंगे पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस और लॉकडाउन के मुद्दे पर आज पांचवीं बार प्रधानमंत्री देश के मुख्यमंत्रियों से चर्चा करेंगे और अगली रणनीति पर बात करेंगे. लॉकडाउन चरणबद्ध तरीके से हटाने के बीच आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने पर जोर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। देश में कोरोना वायरस का प्रकोप शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ यह पांचवीं बैठक होगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा (पीएमओ) ने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंस सोमवार दोपहर तीन बजे शुरू होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्रियों, प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सरकार में मौजूद सूत्रों ने बताया कि बैठक में आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने और कोविड-19 के 'रेड जोन को 'ऑरेंज जोन या 'ग्रीन जोन में तब्दील करने की कोशिशें बढ़ाने पर बल दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों के बीच होने वाली ये चर्चा पिछली बैठकों से अलग होगी। इस बार दो सेशन होंगे, जिसमें सभी मुख्यमंत्रियों को बोलने का मौका मिलेगा। पिछली बैठकों में 10-11 मुख्यमंत्री ही अपनी बात रख पाते थे, क्योंकि समय कम होता था। आज ये बैठक दोपहर तीन बजे शुरू होगी, जो पहले शाम 5.30 बजे तक चलेगी। फिर करीब 30 मिनट का ब्रेक होगा। उसके बाद बैठक शुरू होगी। इस चर्चा के लिए करीब 6 घंटे का वक्त निर्धारित किया गया है, जिसमें सभी मुख्यमंत्रियों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी बात रखेंगे। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार की बैठक में लॉकडाउन चरणबद्ध तौर पर हटाने के तहत पाबंदियों में और अधिक छूट देने पर भी चर्चा हो सकती है। लेकिन सारे प्रतिबंध एक ही बार नहीं हटाए जा सकते। लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त होने से कुछ ही दिन पहले यह बैठक होने वाली है। दूसरा चरण तीन मई को समाप्त हुआ था, जबकि पहला चरण 14 अप्रैल को समाप्त हुआ था। बता दें कि प्रधानमंत्री द्वारा मुख्यमंत्रियों के साथ पिछली बार 27 अप्रैल को बातचीत किये जाने के बाद से कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है, जो लगभग 28,000 के आंकड़े से बढ़ कर करीब 67,000 पहुंच गई है।