घुसपैठ की कोशिश कर रहे लश्कर के तीन आतंकी जम्मू-कश्मीर में ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आतंकियों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को आज एक और बड़ी कामयाबी मिली. दरअसल, सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे लश्कर के तीन आतंकियों को मार गिराया. इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं. बता दें कि इससे पहले आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच कई घंटों तक मुठभेड़ चली. कश्मीर के आईजी विजय कुमार के मुताबिक, फिलहाल आतंकियों की पहचान की जा रही है. कहा जा रहा है कि सुरक्षा बलों को पुख्ता जानकारियां मिली थी कि इस इलाके में कुछ आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं. इसी आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया गया था. तभी आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया. आईजी विजय कुमार ने बताया कि सभी 3 आतंकियों को मार दिया गया है. ये सभी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़े थे. फिलहाल मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है. इन सभी के पास से पास से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद किए गए हैं. बता दें कि कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सेना का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में बुधवार को भी सुरक्षा बलों ने बारामूला जिले में एक मुठभेड़ के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया था. हालांकि इस एनकाउंटर में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान भी शहीद हो गया था. इस तरह से पिछले दो दिनों के दौरान सुरक्षा बलों ने 6 आतंकियों को मार गिराया है. पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि पिछले तीन-चार महीने से आतंकवादी गुलमर्ग के पहाड़ी इलाके में सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि हम लगातार उनपर नजर रख रहे हैं. विजय कुमार के मुताबिक इस साल अभी तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 22 पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराने का प्रयास और तेज किया जाएगा. बता दें कि आतंकवाद के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान जारी है.