जिस किसी ने ऑक्सीजन सप्लाई रोकी, उसे फांसी दी जाएगी : दिल्ली हाईकोर्ट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना काल में ऑक्सीजन की सबसे ज्यादा मांग बनी हुई है। कई खबरें ऐसी भी आईं कि लोग ऑक्सीजन तक बेच रहे हैं। मगर अब दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में बेहद सख्ती दिखाते हुए खा है कि जो कोई भी ऑक्सीजन की सप्लाई रोकने की कोशिश करेगा उसे फांसी की सज़ा दी जाएगी। गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में ऑक्सीजन सप्लाई कम होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली में कल सर गंगाराम अस्पताल में 24 घंटों में 25 मरीजों की माैत हो गई वहीं महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल ने ऑक्सीजन दिलाए जाने की मांग लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। आज सुनाई के दाैरान जज का गुस्सा सातवें आसमान पर चला गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने ऑक्सीजन की आपूर्ति में खलल डाला तो उसे फांसी की सजा सुनाई जाएगी, वो चाहे कोई भी हो। दरअसल, मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार ने अदालत में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में दूसरे राज्यों से ऑक्सिजन की सप्लाई में बाधा डाली जा रही है। इस पर जस्टिस विपिन सांघी और जस्टिस रेखा पल्ली की बेंच काफी सख्त टिप्पणियां कर रही है। हाईकोर्ट ने कहा कि यह दूसरी लहर नहीं है बल्कि यह एक सुनामी है और अभी भी नए मामलों में तेजी आ रही हैं, हम उम्मीद कर रहे हैं कि मई के मध्य में यह पीक पर पहुंच जाएगा, हम इसकी तैयारी कैसे कर रहे हैं? केंद्र ने हाई कोर्ट से कहा कि आने वाले हफ्तों में नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो सकती है,यह पैनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें सबसे बुरे के लिए तैयार रहना होगा। दिल्ली के लोगों को ऑक्सीजन न मिलने पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि यह एक आपराधिक स्थिति है, अगर कोई ऑक्सीजन की सप्लाई रोकता है, तो हम उसे बख्शेंगे नहीं। अदालत ऑक्सीजन को लेकर उठाए जा रहे कदम से संतुष्ट नहीं है। इस मामले में हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे, चाहे वह नीचे का अधिकारी हो या बड़ा अधिकारी। लोगों को ऑक्सीजन सप्लाई करने के मामले में केंद्र सरकार को और भी सख्त कदम उठाने की जरूरत है. जीवन मौलिक अधिकार है। बता दें कि ऑक्सीजन के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि गांव-गांव तक ऑक्सीजन पहुंचाई जायेगी।