दिल्ली पुलिस ने पीएफआई के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रतिबंध लगने के बाद भी पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया PFI) के सदस्यों की देश भर में गिरफ्तारी जारी है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को PFI के 4 सदस्यों को शाहीन बाग से पकड़ा है। गौरतलब है पीएफआई पर प्र्तिबंध के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा की गयी यह पहली गिरफ्तारी है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चार सदस्यों की गिरफ्तारी हुई है लेकिन आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं हो पाया। पुलिस ने कुछ दिन पहले पीएफआई के खिलाफ शाहीन बाग थाने में गैर कानूनी गतिविधि अधिनियम [UAPA] के तहत मामला दर्ज किया था। PFI पर बैन के बाद शाहीन बाग के लोगों ने खूब हंगामा किया था,30 हुए थे गिरफ्तार-धारा 144 लागू बता दें कि सरकार ने पीएफआई पर 27 सितम्बर को 5 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था । इसके बाद PFI के और समर्थकों और सदस्यों ने हंगामा किया था। इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने 30 लोगों को हिरासत में लिया था। दिल्ली पुलिस ने जामिया नगर, शाहीन बाग और न्यू फ्रेंड्स कालोनी इलाके में धारा 144 लगा दी थी।दक्षिण पूर्व जिला अधिकारियों ने इस मामले में पीएफआई के खिलाफ शाहीन बाग थाने UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीएफआई का हैड ऑफिस शाहीन बाग में ही है और इस मामले की जांच एसीपी बदरपुर को दी गई है। सूत्रों के अनुसार PFI के तीनों कार्यालय जैद अपार्टमेंट का ग्राउंड, आबु फज़ल जामिया नगर में हिलाल हाउस का ग्राउंड फ्लोर और 13 वीं मंजिल को यूएपीए की धारा 8 के तहत सील कर दिया गया। बताया जा रह है कि शाहीन बाग में जांच एजेंसियों ने मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस समेत कई दस्तावेज़ भी अपने कब्जे में लिया था। देखा जाए तो आठ राज्यों से PFI कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का आंकड़ा लगभग दो सौ तक पहुंच गया है और हालात खराब न हों इसको लेकर खुफिया एजेंसी भी पूरी तरह से हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के मुताबिक ये चार सदस्य गैर कानूनी गतिविधियों में लगे हुए थे और झंडा लेकर हंगामा कर रहे थे। इन चारों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रतिबंध के बावजूद पीएफआई के बाकी सदस्यों पर इसका कितना असर पड़ता है।