दूसरे चरण में टीका लगवा सकते हैं पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना काल में लगातार जागरूकता फैलानेवाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस टीकाकरण कार्यक्रम के दूसरे चरण में टीका लगवा सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक़ कोरोना वायरस टीकाकरण का दूसरा चरण मार्च या अप्रैल में हो सकता है. भारत वर्तमान में लगभग 3 करोड़ हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन श्रमिकों को टीके लगा रहा है. अब तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 20 जनवरी 2021, 06:00 अपराह्न तक कुल 7,86,842 लोगों को कोरोना वायरस के लिए टीका लगाया गया है. दूसरे चरण में 50 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन दी जानी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारत के कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी. राज्यों के परामर्श के बाद विशेषज्ञों और वैज्ञानिक समुदाय की सलाह के अनुसार टीकाकरण की प्राथमिकता तय की गई है. सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के स्वास्थ्य कार्यकर्ता, टीका प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति होंगे, जिनमें सफाई कर्मी भी शामिल हैं. कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर एक कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा कि हमारे देश में कल तक क़रीब 8 लाख लोगों को टीका लग गया, उनमें गिनती के लोगों को साइड इफेक्ट हुए हैं जो साधारण तौर पर सामान्य वैक्सीन में होते हैं. दुर्भाग्य की बात है कि देश में कुछ लोग जानबूझकर केवल राजनीतिक कारणों से वैक्सीनेशन के खिलाफ दुष्प्रचार करते हैं. इससे समाज के एक छोटे वर्ग में वैक्सीन को लेकर झिझक पैदा हुई है.सरकार चाहती है कि जिन लोगों के मन में दुष्प्रचार के कारण गलतफहमी हुई है, उनको भी वैक्सीन नहीं लेने के कारण कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। बता दें कि कोरोना वैक्सीन की घोषणा के बाद देश में इसको लेकर उत्साह है.