बुधवार की रात दुनिया को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर देश की जनता को संबोधित करते रहते हैं. भारत समेत लगभग पूरी दुनिया इस समय कोरोना जैसी महामारी का सामना कर रही है। आलम ये है कि इस महामारी के खिलाफ दुनियाभर में लड़ाई जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी एक बार वैश्विक स्तर पर लोगों को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल के 45 साल पूरे होने के अवसर प्रधानमंत्री मोदी का यह खास संबोधन कल बुधवार रात को होगा। रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विशेष भाषण इंडिया आइडिया समिट के तहत वैश्विक दर्शकों के लिए बुधवार रात नौ बजे होगा। प्रधानमंत्री मोदी इस बेहद खास अवसर पर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान करेंगे कि कैसे भारत और अमेरिका की साझेदारी कोरोना संकट के बाद की दुनिया को एक नए आकार देने में परिवर्तनकारी भूमिका निभा सकती है। जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के अलावा भारत और अमेरिका के कई वक्ता और विचारक भी शामिल होंगे। इनमें उद्योग, समाज और मीडिया क्षेत्र के लोग अपने वक्तव्य रखेंगे। साथ ही भारत के विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ, रेल मंत्री पीयूष गोयल भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और पूरी दुनिया के सामने अपनी बात रखेंगे। एक बार फिर दुनिया पीएम मोदी के संबोधन से लेगी एक नया मंत्र।