Breaking News

भारत ने चीन के 232 ऐप को किया बैन

06 Feb, 2023 616

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत सरकार (Indian government) ने चीन (China) के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 232 ऐप को भारत में बैन कर दिया है। केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से 138 सट्टेबाजी ऐप और 94 लोन ऐप को सभी ऑपरेटिंग सिस्टम पर बैन कर दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (ministry of electronics and information technology) ने गृह मंत्रालय की सिफारिशों के आधार पर यह निर्णय लिया है। मंत्रालय को इन ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने और ब्लॉक करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद बीते सप्ताह इसकी प्रक्रिया शुरू की गई। इन चीनी ऐप को भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा बताया गया है। बता दें कि कुछ आम लोगों ने जबरन वसूली और उत्पीड़न की कई शिकायतें दर्ज कराई थीं। यह भी पता चला है कि ये ऐप चीनी नागरिकों के दिमाग की उपज हैं। इन ऐप को बनाने वाली कंपनियों ने भारतीयों को काम पर रखा और उन्हें डायरेक्टर तक बनाया है। इन ऐप के जरिए लाचार लोगों को कर्ज लेने का लालच दिया जाता है और फिर सालाना 3,000 फीसदी तक ब्याज बढ़ा दिया जाता है। कर्जदार पूरे कर्ज की तो बात ही दूर, ब्याज चुकाने में भी असमर्थ हो जाता है। इसके बाद कर्ज में डूबे लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया जाता है। कर्जदारों को गालियां दी जाती हैं। उनकी फोटोशॉप की गई तस्वीरें जारी करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता है। विरोध के बावजूद चीन की हरकतें लगातार देखने को मिल रही थीं।

अन्य खबरे