Breaking News

महाराष्ट्र, गोवा समेत कई राज्यों में गर्मी का सितम जारी, 39 डिग्री तक पहुंचा पारा

17 Feb, 2023 701
संजय मिश्रा/in24 न्यूज़/मुंबई
 
देश के कई राज्यों में समय से पहले ही ठंड की विदाई होने लगी है. बातें चाहे देश की राजधानी दिल्ली की हो, या आर्थिक राजधानी मुंबई की, यहां गर्मी का पारा चढ़ता ही जा रहा है. महाराष्ट्र और गोवा जैसे राज्यों में गर्मी ने अभी से सितम ढाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है. इसके अलावा आने वाले दिनों में तापमान के और भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मुंबई शहर में तापमान का उच्चतम स्तर बना रहेगा और यदि समुद्री हवा देरी से चलती है तो, आर्थिक राजधानी मुंबई में तापमान और भी ज्यादा बढ़ेगा. इससे मुंबई के लोग गर्मी से परेशान हो सकते हैं. जानकारी के मुताबिक फरवरी के महीने में ही अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है और यदि 17 फरवरी की बात करें तो, यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. इसके अलावा मुंबई शहर में तेज धूप के आसार बनते जा रहे हैं. आमतौर पर फरवरी के महीने में अधिकतम तापमान 31.7 तक जाता है, लेकिन अभी फरवरी का आधा महीना ही बीता है कि एवरेज तापमान 34.3 को पार कर चुका है जो कि हर बार के एवरेज से बहुत ज्यादा है. ऐसे में यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं कि साल 2023 में फरवरी का महीना सबसे ज्यादा गर्म रहने वाला है.

अन्य खबरे