Breaking News

मोदी सरकार बनाएगी छह और नए एम्स

02 Jan, 2020 1091

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
स्वच्छ भारत के बाद मोदी सरकार स्वस्थ भारत बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाने जा रही है. इसी कड़ी में अब छह नए एम्स का निर्माण किया जाएगा। गौरतलब है कि नए साल में मोदी सरकार देशवासियों को तोहफा देने जा रही है. खबर है कि नए साल में देश में छह नए एम्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे. इनमें से दो उत्तर प्रदेश, एक पश्चिम बंगाल, एक पंजाब, एक महाराष्ट्र और एक आंध्र प्रदेश में बनाए जाएंगे. बता दें कि उत्तर प्रदेश में रायबरेली और गोरखपुर में एम्स का निर्माण चल रहा है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मंगलगिरी, महाराष्ट्र के नागपुर, पश्चिम बंगाल के कल्याणी और पंजाब के बठिंडा में इसी साल तक नए एम्स बनकर तैयार हो जाएंगे. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. साल 2020 में सबसे पहले गोरखपुर वाले एम्स का उद्धाटन हो सकता है. गोरखपुर का एम्स करीब 1011 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है. यह अप्रैल 2020 तक कार्यरत हो जाएगा. इसके बाद जून महीने तक रायबरेली और बठिंडा एम्स के शुरूआत होने का अनुमान है. बठिंडा एम्स में पिछले सप्ताह ही 11 प्रकार की ओपीडी सुविधाएं तथा जनरल सर्जरी की सुविधा शुरू हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, रायबरेली एम्स की ओपीडी व आवासीय ब्लॉक बनकर तैयार हो चुका है. सभी छह एम्स में सबसे महंगा एम्स पश्चिम बंगाल के कल्याणी का है. यह 1754 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है. यह इसी साल अक्टूबर तक काम करना शुरू कर देगा. 1618 करोड़ रुपये की लागत से मंगलगिरी एम्स और 1577 करोड रुपये की लागत से नागपुर एम्स बन रहा है. अक्टूबर से ये भी काम करना शुरू कर देंगे.

अन्य खबरे