राजस्थान में खाटू श्याम मंदिर में भगदड़ से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज सुबह राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी मेले में बड़ा हादसा हो गया। खाटू श्याम मंदिर में सोमवार सुबह सुबह पट खुलने के पहले भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तमाम लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और मंदिर कमेटी के गार्ड्स ने व्यवस्था संभाली और सभी घायलों को अस्पताल रेफर किया। खबर के मुताबिक खाटूश्यामजी में सुबह चार बजे भगदड़ मची। मंदिर के पट बंद किया गया। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई महिला और पुरुष श्रद्धालु नीचे गिर गए। जो उठ नहीं पाए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और मंदिर कमेटी के गार्ड्स ने आनन-फानन में व्यवस्था संभाली। पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं भगदड़ में तीन महिलाओं की मौत हो गई और तीन लोग जख्मी हो गए। इस हादसे में घायल दो लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। वहीं एक का खाटूश्यामजी सीएचसी में इलाज चल रहा है। मृतक महिलाओं में एक हरियाणा के हिसार की थी। जबकि दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल, खाटूश्यामजी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि खाटूश्यामजी में पुत्रदा एकादशी पर मासिक मेला लगता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। ऐसे में रविवार देर रात को दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे। इसी दौरान आरती के लिए जब मंदिर के पद बंद किए गए तो पट के पास दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भगदड़ मचने के कारण तीन महिला श्रद्धालु की जान चली गई।वहीं इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में मची भगदड़ में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हो। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि सीकर में खाटूश्याम जी के मंदिर में भगदड़ होने से तीन दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। बता दें कि इससे पहले भी अनेक स्थानों से भगदड़ की खबरें आती रही हैं, जिनमे कई निर्दोष को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।