सुप्रीम कोर्ट ने दिव्यांग वकील साराह सन्नी के लिए किया साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर नियुक्त
संवाददाता/in24न्यूज़.
दिव्यांग वकील साराह सन्नी के लिए आज से सुप्रीम कोर्ट ने एक साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर नियुक्त कर दिया है। ऐतिहासिक रूप से सुप्रीम कोर्ट ने कभी भी अपने खर्च पर इंटरप्रेटर नियुक्त नहीं किया है। शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को रजिस्ट्री को आदेश दिया कि सन्नी अदालत में दलीलें रख सकें, इसके लिए एक साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की नियुक्ति की जाए। चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने सुनवाई के दौरान कहा कि सन्नी के लिए अब एक साइन लेंग्वेज इंटरप्रेटर मौजूद है। वास्तव में हम संविधान पीठ के लिए भी एक साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की नियुक्ति के बारे में सोच रहे हैं। सुनवाई शुरू होने के बाद चीफ जस्टिस ने सन्नी से कहा कि सन्नी मुझे उम्मीद है कि अब आप कोर्ट में चल रहे मामले को पूरी तरह समझ पाएंगी। बता दें कि सन्नी दिव्यांग वकील हैं और वह सुन नहीं सकती हैं। चीफ जस्टिस की टिप्पणी के बाद साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर ने सन्नी के तरफ से कहा कि हां सर, वह कह रही हैं कि ये काफी मददगार है। इसके बाद चीफ जस्टिस ने कहा कि ये हमारी अहम जिम्मेदारी है कि कोर्ट के माहौल को विविधता दी जा सके। इसके बाद सीजेआई ने कहा कि लेकिन सन्नी अब तुम्हें खुद अपने मामलों की जिरह शुरू कर देनी चाहिए। बता दें कि शुक्रवार को चीफ जस्टिस के आदेश के बाद रजिस्ट्रार विवेक सक्सेना ने रजिस्ट्री को एक आदेश जारी कर इस मामले में उचित कार्रवाई करने को कहा था। उन्होंने अपने आदेश में कहा था कि अदालत की तरफ से एक साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की नियुक्ति का आग्रह आया है। रजिस्ट्री इस बारे में कदम उठाएगा। शीर्ष अदालत वकील संचिता इनके मामले की सुनवाई कर रहा था, जिसमें उन्होंने वकील सन्नी के लिए साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की नियुक्ति की मांग की थी। सन्नी इससे पहले 22 सितंबर को साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की मदद से जिरह की थी। इस मामले की सुनवाई के बाद चीफ जस्टिस ने कहा कि ऐसा होने में काफी वक्त लगा। इसे बहुत पहले हो जाना चाहिए था। जाहिर है इस सुविधा से सन्नी अब तेजी से अपना काम कर पाएंगी।