सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र हुआ क्रैश
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के सिंगिंग गांव के पास सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र (Rudra) के क्रैश होने की सूचना मिली है। इस घटना की एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें क्रैश होता हेलीकॉप्टर दिखाई दे रहा है। वीडियो में हेलीकॉप्टर से ऊंची आग की लपटें भी निकलती नजर आई है। गुवाहाटी डिफेंस पीआरओ के मुताबिक, आर्मी का हेलीकॉप्टर टूटिंग से 25 किमी दूर सिंगिंग गांव के पास क्रैश हो गया। फिलहाल रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। अरुणाचल प्रदेश में हेलिकॉप्टर क्रैश की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसी महीने 5 अक्टूबर को ही सेना का एक अन्य हेलिकॉप्टर तवांग इलाके में उड़ान के दौरान क्रैश हुआ था। यह इलाका चीन सीमा के पास स्थित है। इस घटना में हेलीकॉप्टर के एक पायलट की मौत हुई थी। सेना की ओर से कहा गया था कि रूटीन उड़ान के दौरान यह घटना सुबह दस बजे हुई थी। हादसे में मरने वाले पायलट की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ यादव के रूप में हुई थी। सेना ने कहा था कि इस हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण सामने नहीं आया है। इस पूरे मामले की जांच की जाएगी। बता दें कि इससे पहले मिग का विमान क्रैश हुआ था।