हिंसक मणिपुर में महिला समेत दो लोगों की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हिंसाग्रस्त मणिपुर में इंफाल में एक महिला सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस को इन दोनों के शव लावारिस पड़े हुए मिले। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक शव महिला का है, जो ताइरेनपोकपी इलाके के आसपास मिला। वहीं इंफाल पूर्वी जिला के ताखोक मापल माखा इलाके में एक पुरुष की डेड बॉडी मिली, जिसकी उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है। मरने वालों की आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी और हाथ पीठ के पीछे बंधे हुए थे और सिर पर गोली के निशान थे। पुलिस ने कहा कि महिला उन चार लापता लोगों में से एक है, जिन्हें सात नवंबर को इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप तलहटी से किडनैप कर लिया गया था। गौर हो कि मणिपुर के कांगपोकपी जिला में कांग्चुप चिंगखोंग गांव के पास सात नवंबर को एक चेक प्वाइंट पर मैतेई लोगों की भीड़ ने एक वाहन को रोककर उसमें सवार चार कुकी लोगों को अगवा कर लिया था। बता दें कि मणिपुर में हिंसा नहीं रुकने के मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर रहा है।