आम आदमी के लिए सरकार बेचेगी भारत आटा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आटे की बढ़ती हुई कीमतों से आम आदमी की परेशानी बढ़ गई है। इस परेशानी को देखते हुए मोदी सरकार ने अहम कदम उठाया है। जिसके तहत लोगों को करीब 10 रुपए सस्ता आटा मिलेगा। दरअसल, केंद्र सरकार जल्द ही सस्ते आटे की सप्लाई जल्द करने जा रही है। जिसके तहत ग्राहकों को 29.50 रुपए प्रति किलो की कीमत पर आटा मिलेगा। जिसकी बिक्री ओपन मार्केट सेल स्कीम के तहत की जाएगी। सस्ती दर पर मिलने वाले इस आटे को सरकार भारत आटा के नाम से बेचेगी। उपभोक्ता मामले के मंत्रालय की ओर से एक बयान में कहा गया है कि सरकारी आउटलेट्स से 29.50 रुपये प्रति किलोग्राम में आटा खरीदा जा सकता है। बयान में जानकारी दी गई है कि नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (NAFED) और नेशनल फाउंडेशन फॉर क्रेडिट काउंसलिंग (NFCC) 6 फरवरी से इसकी बिक्री शुरू करेंगे। देश में अभी आटे की कीमत 38 रुपए प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा है। ऐसे में सरकार की ये स्कीम लोगों को सस्ती दर पर आटा उपलब्ध कराएगी। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने एक बैठक में ओपन मार्केट सेल स्कीम की समीक्षा की है। बैठक में फैसला लिया गया है कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) डिपो से केंद्रीय भंडार, NAFED और NCCF संस्थान 3 LMT तक गेहूं उठाएंगे। .इसके बाद इस गेहूं को आटा में बदलने के बाद कई खुदरा दुकानों और सरकारी आउटलेट के माध्यम से ग्राहकों तक 29.50 रुपए में आटा दिया जाएगा। मंत्रालय की ओर से एक बयान में कहा गया है कि संस्थानों ने 29.50 प्रति किलोग्राम का आटा बेचने पर सहमति जताई है। केंद्रीय भंडार ने गुरुवार से ही आटे की सप्लाई शुरू कर दी है। जबकि एनसीसीएफ और नफेड 6 फरवरी से इसकी सप्लाई शुरू करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने ओपेन मार्केट स्कीम की 25 जनवरी को समीक्षा की थी. इस स्कीम के तहत 30 लाख मीट्रिक टन गेहूं जारी करने का फैसला किया था। बता दें कि महंगाई से परेशान आम आदमी के लिए सस्ता आटा बड़ी राहत होगी।