शिमला में शिव मंदिर पर पहाड़ गिरा, कई लोगों की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शिमला में एक बार फिर आसमान से आफत बरसी है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। सोलन जिले में बादल फटने और लैंडस्लाइड से सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं, राजधानी शिमला में भी भूस्खलन की वजह से बड़ा हादसा हो गया। समरहिल में शिव मंदिर पर पहाड़ टूटकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि मलबे में करीब दो दर्जन से अधिक लोग दब गए। बता दें कि अब तक नौ लोगों के शव बरामद किए गए हैं। खबर के मुताबिक सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल की ममलीग उप-तहसील के जादोन गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। देर रात डेढ़ बजे बादल फटने से दो घर और एक गौशाला बह गई। वहीं भारी बारिश की वजह से पंचायत सायरी के जादोन गांव में दो मकान भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त एक मकान में चार लोग थे और दूसरे मकान में नौ लोग सो रहे थे। 5 व्यक्तियों को स्थानीय लोगों और पुलिस ने जिंदा निकाल लिया। लेकिन सात लोगों की मौत हो गई। तीन अब भी लापता बताए जा रहे हैं। शिमला के उपनगर समरहिल में आज सुबह बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस घटना में प्राचीन शिव बाड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया। हादसे में करीब दो दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें एक परिवार के सात लोग शामिल हैं। राहत और बचाव दलों ने नौ शवों को मलबे से निकाला है। इनमें दो मासूम बच्चे हैं। पांच घायलों को भी बाहर निकाला गया है। शिमला के डीसी आदित्य नेगी और एसपी संजीव गांधी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण कर रहे हैं। शिमला और चंडीगढ़ का संपर्क अब पूरी तरह से टूट गया है। लगातार चार दिनों से हो रही बारिश की वजह से नेशनल हाईवे को बार बार खोलना और बंद करना पड़ रहा है। बहरहाल आगे की कार्रवाई जारी है।