अब चांद हुआ हमारा, चंद्रमा पर लहराया तिरंगा

 23 Aug 2023  742

ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/मुंबई

   भारत के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ. भारत के चंद्रयान-3 ने इतिहास रचते हुए
चांद  के साउथ पोल पर सफल लैंडिंग कर दी. और ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है. इस सफलता पर पूरे देश में जश्न का माहौल है. चंद्रयान-3 की सफलता के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका से इसरो प्रमुख एस सोमनाथ को फोन कर बधाई दी. इसरो के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं इसरो वैज्ञानिक को इस सफलता के लिए बधाई देता हूं. यह नया भारत है और जिसकी भुजाएं मंगल से चंद्रमा तक फैली हुई है. भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि यह हमारे महान राष्ट्र के नागरिक के रूप में बेहद गर्व की बात है कि मैंने आज चंद्रमा पर चंद्रयान 3 की लैंडिंग देखी. चंद्र मिशन की सफलता ने भारत को चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने वाले देशों के एक चुनिंदा समूह में शामिल कर दिया है. यह और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की है. यह राष्ट्र की प्रगति में एक मील का पत्थर दर्शाता है. मेरा इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम इसरो और वैज्ञानिक समुदाय को हार्दिक बधाई. उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है. योग गुरु रामदेव ने कहा कि यह भारत को दुनिया की महाशक्ति बनने की दिशा में बड़ा कदम है. आज जो इतिहास रचा गया है वह 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है. एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने इसरो के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई दी. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि टीम इसरो को मुबारकबाद, यह हम भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है. एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई दी. उन्होंने कहा, "मैं चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं." चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है और सभी देशवासी बहुत गौरव महसूस कर रहे हैं. चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि पीएम मोदी ने हम सभी को बधाई दी और कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से आकर हममें से प्रत्येक को बधाई देना चाहेंगे. बता दें कि इसरो का अगला मिशन आदित्य एल-1 मिशन है जो श्रीहरिकोटा में तैयार हो रहा है. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि 1962 में शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज चंद्रयान 3 के रूप में एक नई ऊंचाई तय की. पूरा देश आज भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की इस गौरवशाली यात्रा पर गर्व महसूस कर रहा है. सभी देशवासियों के लिए खुशी का क्षण है. सभी वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि आज की इस बड़ी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है. 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की सामर्थ्य और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है. प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने वह कर दिखाया जो कोई नहीं कर सका. चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव कर दिखाया है. वसुधैव कुटुम्बकम् की पवित्र भावना के साथ मैं इसरो के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई और देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं.