संसद सुरक्षा चूक मामले में कर्नाटक से रिटायर्ड एसपी का सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटा गिरफ्तार

 21 Dec 2023  325

संवादददाता/in24 न्यूज़.  
संसद सुरक्षा चूक मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कर्नाटक के बागलकोटे शहर से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को हिरासत में लिया है। सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान साई कृष्णा के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के विद्यागिरि में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है। जब उसे बागलकोट से हिरासत में लिया गया तो वह अपनी बहन के घर पर था। सूत्रों के मुताबिक, कृष्णा और मैसूर के रहने वाले एक अन्य आरोपी मनोरंजन डी एक दूसरे को इंजीनियरिंग कॉलेज के दिनों से जानते थे और रूममेट भी रह चुके हैं। सूत्रों ने बताया कि कृष्णा कर्नाटक पुलिस के रिटायर्ड एसपी का बेटा है। मामले में गिरफ्तार किए गए छह आरोपी हैं – मैसूर का रहने वाला मनोरंजन डी, लखनऊ का सागर शर्मा, हरियाणा की नीलम, महाराष्ट्र के लातूर का अमोल शिंदे, राजस्थान का महेश कुमावत और पश्चिम बंगाल का ललित झा। दिल्ली पुलिस ने 13 दिसंबर को हुई संसद भवन में सुरक्षा चूक के मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश के जालौन, उरई से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। उस व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय अतुल कुलश्रेष्ठ के रूप में हुई है और वह एक सोशल मीडिया पेज/समूह भगत सिंह फैंस क्लब का सदस्य था। ललित झा की निशानदेही पर जले हुए फोन की बरामदगी के बाद, पुलिस ने पहले से दर्ज एफआईआर में आईपीसी की धारा 201 (सबूत नष्ट करना/साक्ष्य गायब करना) जोड़ने का फैसला किया है। झा ने संसद के बाहर अमोल और नीलम के विरोध प्रदर्शन का वीडियो बनाने के बाद इसे कई लोगों के साथ शेयर भी किया और उन्हें इसे प्रसारित करने के लिए कहा। बता दें कि इस सुरक्षा चूक के बावजूद विपक्ष ने अपनी गंभीरता नहीं दिखाई और संसद में घुसपैठ करने वालों को भटका हुआ बेरोजगार कहा गया।