भारत रत्न से मरणोपरांत सम्मानित हुईं चार हस्तियां, कल सम्मानित होंगे आडवाणी

 30 Mar 2024  371

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज राष्ट्रपति भवन में भारत रत्न देने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज चार शख्सियतों को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया है। भारत रत्न सम्मान प्राप्त करने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक डॉ एमएस स्वामीनाथन सभी मरणोपरांत शामिल हैं। वहीं, लालकृष्ण आडवाणी को कल यानी 31 मार्च को भारत रत्न दिया जाएगा। समारोह के दौरान नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव, चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर और एमएस स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया है। बता दें कि केंद्र सरकार ने इस साल पांच हस्तियों को भारत रत्न सम्मान देने का ऐलान किया था। 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी के कार्यकाल में मदन मोहन मालवीय, अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को यह सम्मान मिल चुका है। 2024 के पांच हस्तियों को मिलाकर इस सम्मान को अब तक हासिल करने वालों की संख्या 53 हो गई। बता दें भारत रत्न देने में मोदी सरकार की अहम भूमिका सामने आई है।