गदर - 2 का जारी है भौकाल, 12 दिन में कमाएं 400 करोड़
संवाददाता/in24news
कोरोना लॉकडाउन के बाद से बैकफुट पर गए बॉलीवुड ने जबरदस्त वापसी की है. 2023 में पठान से शुरू हुआ बॉक्स ऑफिस सक्सेस का ये सिलसिला अभी तक जारी है. बॉलीवुड के अच्छे दिन लौट आए हैं. हिंदी सिनेमा के फैंस की खुशी सातवें आसमान पर है. अगस्त में बॉलीवुड का डंका बज रहा है और इसमें सबसे बड़ा योगदान है सनी देओल की फिल्म गदर 2 का. इसकी बॉक्स ऑफिस पर हो रही ताबड़तोड़ कमाई ने हर किसी को हैरान कर दिया है. किसी ने नहीं सोचा था 22 साल बाद लौटकर तारा सिंह ऐसा भौकाल मचाएंगे. गदर - 2 ने 12 दिन में 400 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. सनी देओल की पहली 400 करोड़ी फिल्म बनी गदर 2 हर दिन के कलेक्शन के साथ गर्दा उड़ा रही है. फिल्म के 12वें दिन के शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं. इसके मुताबिक, सनी की मूवी ने मंगलवार को 11.50 करोड़ के करीब कमाई की है. जिसे मिलाकर गदर 2 ने 400 करोड़ पार कर लिए हैं. दूसरे मंगलवार को फिल्म की कमाई में हल्की सी गिरावट जरूर दर्ज की गई है, बावजूद इसके फिल्म धमाल मचा रही है. वर्किंग डेज में भी गदर 2 ने मजबूत पकड़ बना रखी है. सनी की फिल्म का मैजिक लोगों को क्रेजी कर रहा है. गदर 2 ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर्स को कमाई में पछाड़ दिया है. सनी की फिल्म शाहरुख खान की 'पठान' को कड़ी टक्कर दे रही है. गदर 2 जिस रफ्तार से कमाई कर रही है, उसे देख लगता है अभी कई और रिकॉर्ड्स टूटने बाकी हैं.