Breaking News

बिग बी के बंगले प्रतीक्षा पर लटकी बीएमसी की तलवार

04 Jul, 2021 944

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले प्रतीक्षा पर बीएमसी जल्द ही तोड़फोड़ की कार्रवाई कर सकती है। इसके लिए बंगले के आसपास की बिल्डिंग की दीवारों को 2019 में ही तोड़ा जा चुका है, लेकिन तब अमिताभ के बंगले पर बीएमसी ने कार्रवाई नहीं की थी। अब अमिताभ के इस बंगले पर जल्द ही कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि इस दीवार को लेकर बीएमसी ने अमिताभ बच्चन को साल 2017 में ही नोटिस भेज दिया था, लेकिन महानायक की तरफ से अब तक बीएमसी को इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है। ऐसे में अब बीएमसी ने मुंबई के उपनगरीय कलेक्ट्रेट के सर्वे अधिकारियों के बंगले के जिस हिस्से की दीवार को तोड़ना है, उसे चिन्हित करने के निर्देश दे दिए हैं। दरअसल, बीएमसी ने 2017 में रोड की चौड़ाई बढ़ाने के काम के लिए बच्चन परिवार को नोटिस जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि उनके बंगले प्रतीक्षा के भूखंड का एक हिस्सा संत ज्ञानेश्वर मार्ग सड़क के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित किया जाएगा। ऐसे में बीएमसी ने मुंबई उपनगरीय कलेक्टर के सर्वेक्षण अधिकारियों को सड़क के चौड़ीकरण परियोजना के तहत बंगले के हिस्से का सीमांकन करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि संत ज्ञानेश्वर मार्ग का चौड़ीकरण इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि ये सड़क चंदन सिनेमा क्षेत्र को इस्कॉन मंदिर की ओर लिंक रोड से जोड़ता है और ये रास्ता बच्चन परिवार के बंगले से सटा हुआ है। ऐसे में सड़क को चौड़ा करने के लिए बीएमसी को बंगले के एक हिस्से की एक दीवार को तोड़ना होगा। फिलहाल सड़क की चौड़ाई मात्र 45 फूट है, जिसके चलते इलाके में हर दिन लंबा जाम लगता है। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीएमसी इस सड़को की चौड़ाई 60 फूट करना चाहती है। बीएमसी के नोटिस के बाद अमिताभ ने कोर्ट का रुख किया था। मामले पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने काम पर रोक लगा दी थी। लेकिन, पिछले साल फिर कोर्ट ने बीएमसी को काम शुरू करने की इजाजत दे दी। ऐसे में बीएमसी को अमिताभ के बंगले प्रतीक्षा की एक दीवार तोड़नी होगी। बता दें कि जुहू में यह बच्चन परिवार का पहला बंगला है। यहां, अमिताभ बच्चन के दो और बंगले हैं, जिनमें से एक जनक और दूसरा जलसा है। फिलहाल अमिताभ परीक्षा बंगले में नहीं रहते।

अन्य खबरे