लता मंगेशकर की तबीयत फिर बिगड़ी, राज ठाकरे पहुंचे अस्पताल

 05 Feb 2022  685
संवाददाता/ in24 न्यूज़
भारत रत्न (bharat ratn) और सुर साम्राज्ञी के नाम से मशहूर लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) की तबीयत अचानक शनिवार को फिर ब‍िगड़ गई। जिसके बाद उन्हें फिर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी तबीयत फिर से बिगड़ने के बाद उनका हाल जानने के लिए मनसे प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) भी अस्‍पताल पहुंचे हैं।
 
लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने इस खबर को कन्फर्म किया है कि उनकी हालत एक बार फिर गंभीर हो गई है। बता दें कि बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर लता मंगेशकर बीते 26 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल (breach candy hospital) में भर्ती हैं। लता मंगेशकर पिछले महीने ही COVID-19 से संक्रमित हुई थीं, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही उन्हें निमोनिया भी हो गया था। यही नहीं उनकी स्थिति में लगातार सुधार आ रहा था, कुछ दिन पहले ही उन्‍हें वेंटिलेटर से हटाया गया था, लेकिन अभी भी वे अस्‍पताल के ICU में थीं। लेकिन अब खबर है कि शनिवार, 5 फरवरी को दोबारा उनकी तबीयत गंभीर (Lata Mangeshkar Critical) हो गई है। लता मंगेशकर के बारे में यह खबर सामने आने के बाद एक बार फिर उनके फैन्स चिंतित हो गए हैं।

लता मंगेशकर को भारतीय सिनेमा की सबसे सफल गायिका माना जाता है। उन्होंने अलग-अलग कई भारतीय भाषाओं में 30 हजार से अधिक गानों को अपनी आवाज दी है। भारत सरकार की ओर से भारत रत्न के अलावा उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड और कई नैशनल फिल्म अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है।