आतंकवादी हैं केजरीवाल : जावड़ेकर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आगामी आठ फरवरी को दिल्ली में होनेवाले विधान सभा चुनाव का प्रचार ज़ोरशोर से चल रहा है और आरोप-प्रत्यारोप का भी जबरदस्त दौर चल रहा है. इसी दौरान मोदी सरकार के मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने खुद ही कहा था कि वह अराजकतावादी हैं. अराजकतावादी और आतंकवादी में बहुत अंतर नहीं होता है. अब दिल्ली के विधानसभा चुनाव में वे खुद को निर्दोष बताते हुए लोगों से पूछ रहे हैं कि क्या वे आतंकवादी हैं. आप आतंकवादी हैं और इसके लिए बहुत सारे सबूत हैं. इससे पहले अरविंद केजरीवाल की तुलना आतंकियों और नक्सलियों से करते हुए बीजेपी के सांसद प्रवेशवर्मा ने कहा था- केजरीवाल जैसे नटवरलाल, केजरीवाल जैसे आतंकी देश में छुपे बैठे हैं. हमें तो सोचना पड़ता है कि हम कश्मीर में पाकिस्तान के आतंकियों से लड़ें या केजरीवाल जैसे आतंकवादियों से. प्रवेश वर्मा के बयान के जवाब में अरविंद केजरीवाल ने कहा था- 5 सालों में मैंने दिल्ली के हर एक बच्चे को अपना बच्चा माना है और उनके लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम किया. क्या इससे मैं आतंकवादी बन गया हूं. मैंने लोगों के लिए दवाई और टेस्ट का इंतजाम किया. क्यों कोई आतंकवादी ऐसा करता है? अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा- मैं डायबिटिक हूं, दिन में 4 बार इंसुलिन लेता हूं, अगर डायबिटीज वाला व्यक्ति इंसुलिन पर है और 3-4 घंटे तक कुछ नहीं खाता है, तो वे गिर जाते हैं और मर जाते हैं. ऐसी स्थिति में, मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ दो बार भूख हड़ताल की है. एक बार 15 दिन और फिर 10 दिन. उन्होंने कहा, हर डॉक्टर ने कहा कि केजरीवाल 24 घंटे से ज्यादा नहीं रहेंगे. पिछले 5 सालों में उन्होंने मुझे परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, मेरे घर, मेरे ऑफिस पर छापा मारा, मेरे खिलाफ मामले दर्ज किए, मैं आतंकवादी कैसे हो सकता हूं?