आतंकी को कांग्रेस ने खिलाई बिरयानी : योगी आदित्यनाथ
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनाव प्रचार की जबरदस्त शुरुआत हो चुकी है. इसी कड़ी में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की न्यूनतम आय योजना को छलावा करार देते हुए मंगलवार को गोरखपुर में कहा कि राम मंदिर की राह में कांग्रेस-सपा-बसपा सबसे बड़ी बाधा हैं। योगी ने यहां विजय संकल्प रैली में कहा कि पहले भी कांग्रेस पार्टी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था. 72 हजार रुपए की न्यूनतम आय सिर्फ छलावा है। राम मंदिर पर योगी बोले कि राम मंदिर की राह में यह महामिलावट यानी कांग्रेस, सपा और बसपा सबसे बड़ी बाधा हैं। कांग्रेस ने वकीलों की फौज खड़ी कर रखी है ताकि फैसला जल्दी ना आने पाये। उन्होंने कोई नाम लिये बगैर कहा कि एक परिवार है, जो चुनाव करीब आने के साथ ही भगवान राम को याद करना शुरू कर देता है। वे मंदिर में पूजा के लिए ऐसे बैठते हैं मानो नमाज पढ़ रहे हों। लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा को अपने गले से उतारी हुई माला पहना देना संस्कार न होने का उदाहरण है। कांग्रेस पर निशाना जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है जबकि हम गोला दागकर उनका सफाया करते हैं। मोदी सरकार और यूपी की भाजपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि सपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में केवल 83 हजार मकान बनाये गये जबकि भाजपा सरकार के दो वर्ष में ही 23 लाख 82 हजार मकान बनाकर जरूरतमंदों को दिये गये। हमने जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया क्योंकि हमारे लिए देश के सभी गरीब बराबर हैं।