प्रकृति की आराधना-मिट्टी से जुड़ाव का पर्व है छठ अमित मिश्रा गांव में तालाब बनवाया, छठ पूजा से जुड़े 200 से अधिक परिवार
दरभंगा। छठ महापर्व की आस्था और गांव की मिट्टी से जुड़ाव ने एवी ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड और अभिनव फाउंडेशन के संस्थापक अमित मिश्रा को अपने गांव में तालाब बनवाने की प्रेरणा दी। मिश्रा के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले बनवाए गए इस तालाब पर छठ पूजा का यह दूसरा साल है। पिछले वर्ष उनके परिवार और कुछ स्थानीय लोगों ने यहां पूजा की थी, जबकि इस बार 200 से अधिक परिवार आयोजन से जुड़े हैं।
छठ के अवसर पर एक बातचीत में मिश्रा ने बताया कि वह पिछले 22 वर्षों से मुंबई में अपने फार्महाउस पर छठ पूजा करते आ रहे थे। हालांकि, बचपन में गांव में मनाए गए इस पर्व की यादें उन्हें लगातार अपनी जड़ों की ओर खींचती रहीं। शहर में आयोजन करने के बावजूद गांव जैसा अपनापन महसूस नहीं होता था। इसी भाव ने उन्हें गांव में छठ पूजा के लिए पहल करने की प्रेरणा दी।
मिश्रा ने कहा कि पहले गांवों में अनेक तालाब और पोखर होते थे, लेकिन समय के साथ कई जलस्रोत भर दिए गए या उनका स्वरूप बदल गया। उन्होंने ‘जल-जीवन-हरियाली’ की अवधारणा से प्रेरित होने की बात भी कही। साथ ही स्पष्ट किया कि तालाब निर्माण के लिए उन्होंने इस सरकारी योजना का लाभ नहीं लिया।
छठ को प्रकृति की आराधना का पर्व बताते हुए मिश्रा ने कहा कि इसमें सूर्य, जल, फल, गन्ने और बांस से बनी पूजन सामग्री का विशेष स्थान है। यह पर्व प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का भी एहसास कराता है। उन्होंने बताया कि आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उनकी इच्छा है कि हर वर्ष इसी उत्साह के साथ छठ मनाया जाए और अधिक परिवार इससे जुड़ें।
150 बच्चों की स्कूल फीस में सहायता
अभिनव फाउंडेशन की सामाजिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए मिश्रा ने बताया कि संस्था वर्तमान में 150 बच्चों की स्कूल फीस में सहायता कर रही है। इसके अलावा, जरूरतमंद परिवारों के उपचार में भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग किया जाता है। किसी परिवार की चिकित्सा संबंधी जरूरत की जानकारी मिलने पर टीम उसकी स्थिति समझती है और सहायता का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि गांव के साथ दरभंगा, मुजफ्फरपुर तथा बिहार के अन्य क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंदों की मदद की कोशिश की जाती है। मुंबई में भी सहायता की अपेक्षा रखने वाले लोगों को यथासंभव सहयोग दिया जाता है।
मिश्रा ने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की तथा आगे भी सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।