आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
मणिपुर हिंसा और महिलाओं के साथ हुई हैवानियत के मुद्दे पर सदन में विपक्ष के विरोध के दौरान राज्यसभा के सभापति ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया है. संजय सिंह को बार- बार सभापति के आदेश की अवहेलना करने के कारण सस्पेंड किया गया है. संजय सिंह का यह निलंबन ऐसे समय में हुआ है, जब दिल्ली में नौकरशाहों पर नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं. मौजूदा संसद सत्र में संजय सिंह के राज्यसभा सदन से सस्पेंशन पर आम आदमी पार्टी के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर भाजपा की चले, तो संजय सिंह को जेल में डाल दे. संजय सिंह संसद में विपक्ष की बुलंद आवाज़ हैं. वे नारा लगाते हैं और पूरा विपक्ष एकजुट हो जाता है. ज़ाहिर-सी बात है कि संजय सिंह सरकार की आंखों में खटकते हैं. इसलिए वे पूरी कोशिश करेंगे कि संजय सिंह की आवाज बंद की जाए. लेकिन इन हथकंडों, सीबीआई, ईडी के दुरुपयोग, जो भी कर लें, भाजपा सरकार की वापसी मुश्किल है. सच की आवाज़ उठाते हुए अगर संजय सिंह सस्पेंड भी होंगे, तो कोई दुःख नहीं है. मुझे ज़्यादा तथ्यों की जानकारी नहीं है. अभी इस मामले में संजय सिंह और लीगल विंग के लोग देखेंगे। कि क्या किया जा सकता है. लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है.