Breaking News

उद्धव का अयोध्या दौरा सिर्फ़ ढकोसला : कांग्रेस

26 Nov, 2018 1340
संवाददाता/in24न्यूज़/मुंबई-
कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे  ढकोसला करार दिया है. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के दो दिवसीय अयोध्या दौरे और राममंदिर निर्माण की तारीख सरकार से पूछे जाने पर कांग्रेस ने शिवसेना पर जमकर हमला बोला है. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से सवाल करते हुए मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि तीन दशक से मुंबई महानगर पालिका की सत्ता पर काबिज शिवसेना मुंबईवासियों को सही ढंग से पानी, सड़क और ड्रेनेज की सुविधा नहीं दे पाई वो रामंदिर का क्या निर्माण करेगी! निरुपम ने यह सवाल भी किया कि केंद्र और राज्य की निकम्मी सरकार का सहयोग करने वाली शिवसेना सत्ता से कब बाहर आएगी! निरुपम ने इसे शिवसेना का चुनावी एजेंडा बताते हुए कहा कि जनता सब समझ रही है जिसका जबाब आगामी 2019 की चुनाव में भाजपा और शिवसेना को देगी। वहीं उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे  को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील ने शिवसेना पर तंज कसते हुए कहा कि हमेशा इस्तीफा जेब में लेकर घूमने वाले शिवसेना के मंत्रियों ने अपना इस्तीफा आरती के बाद  नाव बनाकर सरयू नदी में ही बहा दिए है जो सुबह-सुबह सरयू स्नान के लिए गए लोगों को मिले होंगे। बतादें कि अपने दो दिवसीय अयोध्या दौरे के दौरान शिवसेना प्रमुख  उद्धव ठाकरे ने राममंदिर निर्माण को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए नारा दिया था कि हर हिंदू की यही पुकार पहले मंदिर फिर सरकार। इस नारे पर कटाक्ष करते हुए विखे पाटिल ने कहा कि नारा भले ही पहले मंदिर का है लेकिन वास्तव में इस नारे का मतलब पहले सरकार फिर मंदिर है. उन्होंने पूछा कि उद्धव ठाकरे किस कुंभकर्ण को जगाने अयोध्या गए थे. अगर वह सरकार को कुंभकर्ण कह रहे हैं, तो पिछले चार साल से वह भी तो उसी सरकार का हिस्सा हैं. 
 

 

 

अन्य खबरे