एकनाथ शिंदे के खेमे वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है : अमित शाह
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुंबई के सबसे लोकप्रिय गणपति लालबाग के राजा का दर्शन करने के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) महाराष्ट्र दौरे पर हैं. अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है. अमित शाह का ये बयान ऐसे वक्त पर आया, जब महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद से एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे के बीच शिवसेना पर दावे को लेकर चुनाव आयोग से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई जारी है. अमित शाह ने बीएमसी चुनाव से उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर सभी सांसदों, विधायकों, एमएलसी और पार्षदों के साथ बैठक की. इस दौरान मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने बीएमसी के लिए मिशन 135 का ऐलान किया. बीएमसी में 227 सीटें हैं. आशीष शेलार ने बीजेपी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे बीएमसी के 25 साल के भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए तैयार हैं. वे सड़कों पर उतरेंगे और आगामी बीएमसी चुनाव जीतेंगे. बता दें कि शिवसेना के संदर्भ में अमित शाह का बयान उद्धव ठाकरे गुट के लिए बड़ा झटका है.