Breaking News

पटना के हनुमान मंदिर ने अजान के दौरान अपने लाउडस्पीकर किए बंद

01 May, 2022 942

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज जहां देश के अनेक हिस्सों में लाउडस्पीकर पर नमाज़ पढ़ने और जवाब में हनुमान चालीसा पढ़ने का माहौल बना हुआ है ऐसे में एक राहत की खबर पटना से आई है। पटना में आपसी सौहार्द और भाईचारे का एक उदाहरण देखने को मिला। रविवार को पटना के हनुमान मंदिर ने अजान के दौरान अपने लाउडस्पीकर बंद दिए। मस्जिद और मंदिर के बीच की दूरी 50 मीटर की है। वहीं एक-दूसरे के प्रति सम्मान दर्शाते हुए मस्जिद ने मंदिर में आने वाले भक्तों का ख्याल रखा। यह नजारा ऐसे समय पर देखने को मिला है जब सूबे में लाउडस्पीकर को लेकर चर्चा जोरो पर है। बीजेपी बिहार में यूपी की तरह लाउडस्पीकर हटाने की मांग कर रही है। नीतीश सरकार में मंत्री जनक राम ने मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने मस्जिद से लाउडस्पीकर के जरिए आने वाली तेज अजान पर रोक लगाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि जब होली, दिवाली पर डीजे और तेज गति वाले वाहन पर रोक लग सकती है तो मस्जिदों के लाउडस्पीकर से तेज आवाज में आने वाली अजान पर भी रोक लगाई जानी चाहिए। मंत्री का कहना था कि जनप्रतिनिधि होने के नाते मुझे इसकी शिकायत मिलती रहती है। मगर आपसी सामंजस्य की पटना से आई इस अनोखी मिसाल ने समाज को एक सबक देने का काम किया है।

अन्य खबरे