Breaking News

बीजेपी इंद्र का सिंहासन भी ऑफर करेगी फिर भी गठबंधन नहीं : राउत

22 Nov, 2019 1057

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कल तक गठबंधन धर्म निभाने की बात करनेवाली शिवसेना-बीजेपी के रिश्तों में किस कदर तल्खी आई है, इसका अंदाजा आप सांसद संजय राउत की इसी बात से लगा सकते हैं कि वह बीजेपी से अब पुनः गठबंधन नहीं करेगी, भले ही उसे हिंदू देवता इंद्र का सिंहासन ही ऑफर क्यों न किया जाये. हिंदू पौराणिक कथाओं में इंद्र देवताओं के राजा हैं. मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि शिवसेना एनसीपी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की पुष्टि के बाद शिवसेना को मुख्यमंत्री पद मिलेगा. एक एजेंसी के अनुसार उन्होंने कहा शिवसेना का मुख्यमंत्री पूरे पांच के लिए होगा. एक दिन पहले मीडिया में रिपोर्ट आयी थी कि शिवसेना और एनसीपी पांच साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री पद को समान रूप से साझा करेंगे, जबकि कांग्रेस को उप मुख्यमंत्री पद मिलेगा. खबर यह भी आयी थी कि शरद पवार ने सीएम पद के लिए संजय राउत के नाम का सुझाव दिया है हालंकि राउत ने इन ख़बरों को गलत बताया. उन्होंने कहा महाराष्ट्र के लोग उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं.  खबरों की मानें तो वैचारिक रूप से अलग-अलग माने जाने वाले तीनों दल गठबंधन बनाने के करीब हैं और जल्द एक औपचारिक घोषणा किये जाने की उम्मीद है. इससे पहले गुरुवार रात उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे शरद पवार से मुंबई में उनके घर पर मिले. 

अन्य खबरे