कांग्रेस अध्यक्ष बोफ़ोर्स के पापों तले दबे हुए हैं : मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर ज़ोरदार हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राफेल सौदे पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने दिवंगत पिता के ‘बोफोर्स के पापों’ के बोझ तले दबे हैं और इसलिए दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने उस पर सत्ता में रहते हुए रक्षा सौदों में ‘खेल करने’ का आरोप भी लगाया। यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने राहुल गांधी का नाम नहीं लिया लेकिन परोक्ष रूप से उनकी तुलना शातिर जेबकतरे से की जो चोरी करते पकड़े जाने पर खुद ‘चोर, चोर’ चिल्लाते हुए दूसरों को गुमराह करने के लिहाज से भीड़ में शामिल हो जाता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने पूर्व रक्षा मंत्रियों जॉर्ज फर्नाडीज और मनोहर पर्रिकर को भी अपमानित किया। शहीदों की पार्थिव देह ले जाने के लिए ताबूत खरीदने के अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के फैसले का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अनावश्यक रूप से वाजपेयी और फर्नाडीज जैसे ईमानदार लोगों पर इस मुद्दे पर निशाना साधा और कई सप्ताह तक संसद नहीं चलने दी।