किरीट सोमैया के बेटे पर एक्सटॉर्शन का आरोप
संवाददाता/in24न्यूज़/मुंबई
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया पिछले कुछ महीनों से महाराष्ट्र की महाविकास आघाडी सरकार पर हमलावर हैं. जिसके बाद अब एनसीपी ने किरीट सोमैया को उनके बेटे पर लगे आरोप को लेकर घेरना शुरू कर दिया है. बीजेपी नेता किरीट सोमैया के पुत्र और नगरसेवक नील सोमैया इन दिनों पुलिसिया जांच के घेरे में हैं. बताया जा रहा है कि किरीट सोमैया के बेटे के खिलाफ दर्ज एक पुराने एक्सटॉर्शन मामले में जांच की जा रही है. और इसी पृष्ठभूमि पर एनसीपी ने किरीट सोमैया पर निशाना साधा है. एनसीपी के प्रदेश प्रवक्ता महेश तापसे ने किरीट सोमैया पर इस मामले में मौन रहने का तंज कसा है. किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया से मुंबई पुलिस ने लगभग 4 घंटे तक पूछताछ की. अब एनसीपी का कहना है कि किरीट सोमैया अपने बेटे के मामले में स्पष्टीकरण दें. ग़ौरतलब है कि मुलुंड पुलिस किरीट सोमैया के बेटे पर लगे एक्सटॉर्शन मामले की जांच कर रही है, जिसमें एक बिल्डर ने नील सोमैया पर एक्सटॉर्शन मांगने का आरोप लगाया है. अभी तक नील के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है लेकिन सत्ताधारी पार्टी के नेताओं ने किरीट सोमैया को घेरने के लिए अपनी कमर कस ली है.