गहलोत के समर्थन पर घिरीं वसुंधरा
संवाददाता/in24 न्यूज़।
राजस्थान में जिस तरह अशोक गहलोत की सरकार पर संकट मंडरा रहा है, ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी विवादों के घेरे में घिर गई हैं. वसुंधरा पर आरोप है कि उन्होंने अपने विधायकों को हिदायत दी कि गहलोत की मदद करें. हालांकि वसुंधरा राजे की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. जबकि राजे के दो करीबी विधायकों का इस पूरे प्रकरण पर बयान जरूर आया है, जिसमें सचिन पायलट के बयान पर आपत्ति जताई और पायलट को एक जिम्मेदार नेता की तरह आचरण करने की सलाह दी गई है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने राजे पर बड़ा आरोप लगाया है. हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार को बचाने का आरोप लगाया है. बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस विधायकों के करीबी रिश्तेदारों ने हमें बताया कि वे शुरू में पायलट के साथ थे, लेकिन वसुंधरा राजे ने उन्हें फोन किया और उन्हें पायलट से दूरी बनाने के लिए कहा. एक ट्वीट में बेनीवाल ने कहा कि सीकर और नागौर के जाट विधायकों को राजे ने सचिन पायलट से दूरी बनाने को कहा है, जिसके पुख्ता प्रमाण हमारे पास हैं. एक अन्य ट्वीट में बेनीवाल ने कहा कि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे अशोक गहलोत सरकार को बचाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं. राजे ने कई कांग्रेसी विधायकों को फोन भी किये हैं. इससे पहले एक इंटरव्यू में सचिन पायलट ने भी गहलोत पर बंगला खाली करने के मामले में वसुंधरा की मदद का आरोप लगाया था. आरोपों के बीच राजस्थान की सियासत में एक ने गर्मी देखने को मिल रही है.