Breaking News

नारदा घोटाले में चार नेताओं की गिरफ़्तारी से ममता बनर्जी भड़कीं

17 May, 2021 730

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल में नारदा टेप स्कैम मामले में सीबीआई ने फिरहाद हकीम, शोभन चटर्जी, सुब्रत मुखर्जी और विधायक मदन मित्रा को गिरफ्तार कर लिया है। हाल ही में राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने फिरहाद हकीम समेत टीएमसी के शीर्ष नेताओं पर नारदा घोटाले में केस चलाने की मंजूरी दी थी। सीबीआई आज इस मामले में चार्जशीट दायर करेगी। चारों नेता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी हैं। इन सबके बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी गुस्से में सीबीआई दफ्तर पहुंच गई हैं। सीबीआई के अफसर ममता के मंत्रियों और विधायक से पूछताछ कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सीबीआइ की टीम इन नेताओं के घर पर गई। सीबीआइ के साथ सेंट्रल फोर्स के जवान भी थे और इन लोगों को सीबीआइ के अधिकारी निजाम पैलेस ले आए हैं। जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया है कि इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्यपाल की अनुमति की आवश्यकता थी और गवर्नर जगदीप धनखड़ ने इसकी अनुमति पहले ही दे दी है। इसलिए विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति की जरूरत नहीं है। सूत्रों के मुताबिक़ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीबीआई के अफसरों से कहा है कि अगर आप इन चार नेताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं तो मुझे भी गिरफ्तार करना पड़ेगा, राज्य सरकार या कोर्ट के नोटिस के बिना इन चारों नेताओं को गिरफ्तार नहीं कर सकते हैं, अगर फिर भी गिरफ्तार करते हैं तो मुझे भी गिरफ्तार किया जाए। इस बीच टीएमसी सांसद और वकील कल्याण बनर्जी भी सीबीआई दफ्तर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। नारदा स्टिंग 2014 का मामला है। दिल्ली के एक पत्रकार ने कोलकाता पहुंच कर अपने आप को एक व्यवसायी बताया था। उसने कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के सात सांसदों, चार मंत्रियों, एक विधायक और एक पुलिस अधिकारी को इन्वेस्टमेंट के नाम पर नगद रुपये दिए थे। इस पूरे घटनाक्रम का पत्रकार ने स्टिंग बना लिया था। 2016 के विधानसभा चुनाव से पहले यह स्टिंग सामने आया था। बहरहाल, ममता बनर्जी की खुद की गिरफ़्तारी करवाने की धमकी से इस मामले पर कितना असर पड़ता है, यह देखना होगा। 

अन्य खबरे