Breaking News

नारायण राणे को मिली जमानत, कल से फिर शुरू करेंगे जन आशीर्वाद यात्रा

25 Aug, 2021 850

संवाददाता/in24 न्यूज़
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने से संबंधित विवादित बयान देकर फंसे केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को मंगलवार दोपहर रत्नागिरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि मंगलवार देर रात उन्हें महाड कोर्ट से कुछ शर्तों के साथ जमानत मिल गई। राणे की जमानत के साथ ही बीजेपी ने ऐलान कर दिया है कि जन आशीर्वाद यात्रा भी गुरुवार से शुरू की जाएगी। बीजेपी नेता प्रवीण दरेकर ने बताया कि नारायण राणे एक दिन आराम करेंगे और गुरुवार से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत होगी। बता दें कि राणे को 15 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दी गई है। जमानत देते हुए महाड कोर्ट ने कहा कि मामले की जांच के लिए नारायण राणे का वॉयस सैंपल लिया जाएगा। वॉयस सैंपल लेना हो तो राणे को 7 दिनों पहले नोटिस दिया जाएगा। यह शर्त भी रखी गई है नारायण राणे को दो दिन यानी 30 अगस्त और 13 सितंबर, रायगढ़ अपराध शाखा में जाकर हाजिरी देनी होगी। राणे को यह चेतावनी देते हुए जमानत दी गई कि भविष्य में वे ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे। जमानत मिलने के बाद नारायण राणे महाड से अपने मुंबई के जुहू स्थित आवास के लिए निकल गए। बता दें कि राणे ने जब से महाराष्ट्र में जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है, अब तक उन पर 49 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। हालांकि, इनमें से ज्यादातर मामले कोविड नियमों को तोड़ने पर दर्ज किए गए हैं। इसके बावजूद शिवसेना के गढ़ यानी कोंकण में उनकी जन आशीर्वाद यात्रा जारी थी और अब गुरुवार से फिरसे  जन आशीर्वाद यात्रा  शुरू की जाएगी।

अन्य खबरे