Breaking News

पश्चिम बंगाल में सातवें चरण का मतदान आज

26 Apr, 2021 775

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना काल के दौरान आज पश्चिम बंगाल में सातवें चरण का मतदान हो रहा है.सातवें चरण में आज 34 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया है. कोरोना मामलों में वृद्धि के बीच पीएम मोदी ने 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में अपने पब्लिक रैली को रद्द कर दिया था.पश्चिम बंगाल चुनाव के इस चरण में कुल 268 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस चरण में दक्षिण दिनाजपुर में छह निर्वाचन क्षेत्रों में, मालदा में छह, मुर्शिदाबाद में नौ, पश्चिम बर्धमान में नौ और कोलकाता में चार जगहों पर कांटे की टक्कर है.इस चरण में 81.88 लाख से अधिक मतदाता 11,376 मतदान केंद्रों पर अपने वोट डालेंगे. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और परिवार कल्याण के अनुसार रविवार को पश्चिम बंगाल में 81,375 सक्रिय कोविड-19 मामले थे. राज्य में कोरोना के कारण 10,884 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. पश्चिम बंगाल इस साल आठ चरणों के विधानसभा चुनाव से गुजर रहा है. अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा जबकि मतों की गिनती 2 मई को होगी. आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें प्रतिष्ठित भवानीपुर सीट शामिल है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा खाली की गई थी क्योंकि उन्होंने इस बार नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का फैसला किया था. तृणमूल कांग्रेस ने अनुभवी राजनेता और राज्य के ऊर्जा मंत्री सोभनदेव चट्टोपाध्याय को चुनाव मैदान से उतारा है क्योंकि पार्टी लगातार तीसरी बार सीट हासिल करने की उम्मीद कर रही है. उनके खिलाफ लोकप्रिय बंगाली अभिनेता रुद्रनील घोष होंगे, जो भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. बता दें कि दो मई को चुनाव परिणाम आनेवाले हैं.

अन्य खबरे