पहली वित्तमंत्री इंदिरा गांधी के बाद दूसरी वित्तमंत्री बनी निर्मला सीतारमण
संवाददाता/in24 न्यूज़
मोदी सरकार में किस मंत्री को कौन सा मंत्रालय मिला है, इसकी लिस्ट सामने आ चुकी है बीजेपी की कद्दावर नेता निर्मला सीतारमण देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री बन गई हैं। गुरुवार को शपथ लेने बाद शुक्रवार को उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार वित्त मंत्रालय की कमान सौंपी है। वित्त मंत्रालय के साथ निर्मला को कॉरपोरेट कार्यों का मंत्री भी बनाया गया है। इससे पहले देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1970 से 1971 तक एक साल के लिए देश की वित्त मंत्री थीं। निर्मला को पिछली सरकार में रक्षा मंंत्री और उससे पहले कॉरपोरेट कार्य का मंत्री बनाया गया था। साल 2008 में वह भाजपा का हिस्सा बनीं और तब से पार्टी से जुड़ी हुई हैं। निर्मला को वित्त मंत्रालय सौॆपने के पीछे एक बड़ी वजह है। उन्होंने अपनी स्नातक और मास्टर की पढ़ाई अर्थशास्त्र में की थी। मास्टर्स की डिग्री जेएनयू से ली है। जेएनयू से ही उन्होंने एम फिल की पढ़ाई की है। उनके पति पी. प्रभाकर भी आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के सूचना सलाहकार रहे थे। इसका मतलब यह है कि उनको वित्तीय और इससे जुड़े अन्य मामलों की काफी अच्छी जानकारी है। इससे पहले निर्मला सीतारमण रक्षा मंत्री थीं। बता दें कि तब भी निर्मला दूसरी ऐसी महिला रही थीं, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। पिछली सरकार में रक्षा मंत्री के तौर पर निर्मला ने अच्छा काम किया था। इसलिए इस बार उन्हें वित्त मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया। साल 2010 से लेकर 2014 तक निर्मला भाजपा की प्रवक्ता भी रही हैं। साल 2016 से कर्नाटक से वो राज्य सभा की सदस्य थीं और साल 2014 से 2016 तक वो आंध्र प्रदेश से राज्य सभा की सदस्य हैं। 2.5 करोड़ रुपये की मालकिन निर्मला पढ़ाई में भी काफी अच्छी रही हैं।