Breaking News

बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर बीजेपी-एलजेपी में बातचीत

29 Sep, 2020 199
संवाददाता/in24 न्यूज़। 
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति अब तक साफ नहीं है. सीटों के बंटवारे को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी और बीजेपी के बीच बातचीत हुई. लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के पत्र लिखने के बाद यह बातचीत हुई. सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, चिराग पासवान की अगुवाई वाली एलजेपी 42 सीटें चाहती है या फिर 32 सीटें, दो एमएलसी और यूपी से एक राज्यसभा सीट दिए जाने की मांग की है. सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी  विधानसभा की 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है. कहा जा रहा है कि अगर बात नहीं बनी तो एलजेपी, एनडीए  से अलग होकर चुनावी मैदान में उतर सकती है. चिराग पासवान प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा को अलग-अलग पत्र लिख चुके हैं. पासवान ने सीटों के बंटवारे पर चर्चा न होने का मुद्दा उठाया. सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से फिलहाल 27 विधानसभा सीटों और दो एमएलसी सीटों की पेशकश की गई है. एलजेपी को बीजेपी के कोटे से सीटें दी जाएंगी. जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के प्रस्ताव पर एलजेपी एक-दो दिन में निर्णय करेगी. बता दें कि दो दिन बाद से बिहार में पहले चरण के लिए नामांकन का सिलसिला शुरू हो जाएगा, लेकिन अभी तक एनडीए में सीटों के बंटवारे पर स्थिति साफ नहीं है. हाल ही में चुनाव आयोग की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी किया गया है. इसके तहत, राज्य में तीन चरणों में चुनाव होंगे. पहले चरण का चुनाव 28 अक्टूबर को, दूसरे चरण का तीन नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव सात नवंबर को कराया जाएगा. चुनावों के नतीजों का ऐलान 10 नवंबर 2020 को किया जाएगा....  
 

अन्य खबरे