Breaking News

बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा रैली को लेकर 19 एफआईआर दर्ज

20 Aug, 2021 706

संवाददाता/in24 न्यूज़
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 'जन आशीर्वाद यात्रा' निकालना भारतीय जनता पार्टी को महंगा पड़ता दिख रहा है। कोरोना नियमों को लेकर उद्धव सरकार की सख्ती दिखा रही है, जिसकी वजह से बीजेपी की इस यात्रा के आयोजकों के खिलाफ मुंबई में कोविड-19 नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर ताबड़तोड़ एफआईआर दर्ज की जा रही है। मुंबई पुलिस द्वारा बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर अब तक कुल 19 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि विले पार्ले, खेरवाड़ी, माहिम, शिवाजी पार्क, दादर, चेंबूर और गोवंडी थानों में आईपीसी की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना) के साथ ही आपदा प्रबंधन अधिनियम और मुंबई पुलिस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है, इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने मुंबई में इसका आयोजन किया था। 16 अगस्त को मुंबई की सड़कों पर बड़े पैमाने पर बीजेपी कार्यकर्ता नजर आए थे। इस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री विभिन्न इलाकों से गुजरे, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की गई थीं। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जन आशीर्वाद यात्रा तीसरी लहर को निमंत्रण है। विभिन्न राज्यों में केंद्रीय मंत्री यह यात्रा कर रहें हैं। उन्होंने भाजपा से धैर्य रखने को कहा है। राज्य सभा सदस्य ने दावा किया कि भाजपा यह जानबूझ कर रही है, क्योंकि उसे लोगों की तकलीफों से सरोकार नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र को कोरोना के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य माना जा रहा है। गुरुवार को राज्य में कोविड-19 के 5,225 नए मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 64 लाख 11 हजार से हो चुकी है, वहीं इस दौरान 154 और मरीजों की मौत हुई है और कुल मृतकों की संख्या 1 लाख 35 हजार 567 हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जुलाई महीने में मोदी सरकार में शामिल हुए मंत्रियों से जनता से सीधे जुड़ने का निर्देश दिया था। इसके तहत अनुप्रिया पटेल भी उत्तर प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही हैं, उनकी रैली में भी बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे थे।

अन्य खबरे