Breaking News

राज ठाकरे ने बिना नाम लिए साधा उद्धव पर निशाना

30 Jun, 2022 604

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
उद्धव ठाकरे के सीएम पद से इस्तीफे के बाद उनके चचेरे भाई राज ठाकरे के एक ट्वीट पर चर्चाएं तेज हैं। राज ठाकरे ने भले ही उद्धव ठाकरे समेत किसी का भी जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके ट्वीट को सियासी घटनाक्रम से ही जोड़कर देखा जा रहा है। राज ठाकरे ने लिखा है कि जिस दिन मनुष्य अपने सौभाग्य को ही अपना निजी कर्तव्य मानने लगता है उस दिन से पतन का प्रवास शुरू हो जाता है।'यही नहीं इस पंक्ति के नीचे राज ठाकरे के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। मराठी, हिंदी और अंग्रेजी में किए गए राज ठाकरे के इस ट्वीट को मुख्यमंत्री पद पर उद्धव की अधूरी पारी पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले राज ठाकरे ने बुधवार को ऐलान किया था कि सदन में फ्लोर टेस्ट की स्थिति में उनकी पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का एकमात्र विधायक भाजपा का समर्थन करेगा। साफ है कि सरकार गठन के लिए भाजपा के दावे में उनके विधायक का नाम शामिल रहेगा। इस बीच उनके इस ट्वीट ने ठाकरे फैमिली में छिड़े युद्ध की ही कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले एकनाथ शिंदे की बगावत के बीच भी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से मुंबई में कुछ पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में मराठी में लिखा था कि अब आपको कैसा महसूस हो रहा है?' उन पोस्टरों को भी शिवसेना की कलह पर तंज के तौर पर ही देखा गया था।

अन्य खबरे