विपक्ष के पास न तो कोई झंडा है और न ही कोई एजेंडा : पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
विपक्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई झंडा है और न ही कोई एजेंडा। महाराष्ट्र में विदर्भ क्षेत्र के चंद्रपुर में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों सुधीर मुनगंटीवार और अशोक नेते के समर्थन में पहली रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राज्य की पिछली एमवीए सरकार पर निशाना साधा और उस पर अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में कई विकास परियोजनाओं पर बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि एमवीए नेता राज्य के विकास के लिए नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के विकास के लिए काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एमवीए सरकार के दौरान राज्य में जलयुक्त शिवार योजना बंद कर दी गई। कई सिंचाई परियोजनाएं भी बंद कर दी गईं। उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा के लिए जल ग्रिड योजना, मुंबई मेट्रो, रिफाइनरी परियोजना बंद कर दी गई।गरीबों को घर देने की योजना भी रोक दी गई। पीएम मोदी ने कहा कि महायुति (महागठबंधन) सरकार ने इन सभी योजनाओं को फिर से शुरू किया है। शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार राज्य में दिन-रात काम कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि लोग मोदी सरकार को अपनी सरकार मानते हैं और राज्य में श्री एकनाथ शिंदे की सरकार के काम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हैं। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि नकली शिवसेना नेता द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सदस्यों को लाते हैं, जो महाराष्ट्र और रैलियां आयोजित और हिंदुत्व का अपमान करते हैं। बता दें कि पीएम मोदी लोकसभा चुनाव के लिए लगातार सक्रिय हैं और जनता के बीच पहुंचने का काम कर रहे हैं।